नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस ने कहा कि यूपी में पूरी तरह से गुंडाराज कायम हो गया है। लखनऊ में प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ पुलिस ने जिस तरह धक्कामुक्की की है, उसके बाद तय हो गया है कि यूपी सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगा दिया जाना चाहिए।
पार्टी प्रवक्ता सुष्मिता देव ने कहा प्रियंका के साथ पुलिस ने जो व्यवहार किया है, उसकी जांच भी होनी चाहिए। उधर, प्रियंका के कार्यालय ने इस मामले में सीआरपीएफ के महानिदेशक को पत्र लिखकर इस मामले का संज्ञान लेने और कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
दरअसल, गांधी परिवार को जेड प्लस सुरक्षा मिली है, उनके आसपास सीआरपीएफ जवानों का सुरक्षा घेरा होता है। सुष्मिता ने कहा हमने देखा कि लखनऊ में क्या हुआ। प्रियंका गांधी किसी भी जिम्मेदार विपक्षी नेता की तरह उन लोगों से मिलने जा रही थीं, जिन्होंने पुलिस के उत्पीड़न का सामना किया है। जब वह पूर्व पुलिस अधिकारी दारापुरी से मिलने जा रही थीं तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
उन्होंने दावा किया, उनकी कार को इस तरह से रोका गया कि अगर जरा भी गलती होती तो प्रियंका का वाहन दुर्घनाग्रस्त हो जाता। इसके बाद पुलिस ने प्रियंका के साथ धक्कामुक्की की। महिला पुलिस कर्मचारी ने उनके गले पर हाथ लगाया। बाद में जब प्रियंका गांधी दोपहिया वाहन से पार्टी कार्यकर्ता के साथ वहां से जाने लगीं, तो पुलिस ने उन्हें फिर रोक लिया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने सवाल किया कि मैं योगी आदित्यनाथ से पूछना चाहती हूं कि क्या वह उत्तर प्रदेश में गुंडाराज चला रहे हैं? क्या दो लोगों का दोपहिया वाहन पर जाना भी धारा 144 का उल्लंघन है? उन्होंने कहा इस मामले की उच्च-स्तरीय जांच होनी चाहिए। अब यह अच्छी तरह समझा जा सकता है कि उत्तर प्रदेश में आम लोगों के साथ क्या हो रहा है। सुष्मिता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 18 प्रदर्शनकारी मारे गए हैं और इनमें भी 12 लोगों की मौत गोली लगने से हुई है। यह योगी सरकार की असफलता है। उत्तर प्रदेश सरकार को तत्काल बर्खास्त की जानी चाहिए।
यूपी में गुंडाराज, कांग्रेस ने की राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग