(इंफाल)मणिपुर में कोरोना वायरस का पहला मामला

-यूके से लौटी 23 साल की युवती 
इंफाल (ईएमएस)। कोरोना वायरस अब भारत के नॉर्थ ईस्ट में भी पहुंच चुका है। मणिपुर में यूनाइटेड किंगडम से लौटी 23 वर्षीय युवती कोरोना से संक्रमित पाई गई है। उसका इलाज जेएनआईएमएस में चल रहा है। नॉर्थ ईस्ट में कोरोना का यह पहला मामला है। इस बीच पुणे के माइलैब डिस्कवरी सॉल्युशन फर्म ने कोविड-19 का टेस्ट किट तैयार किया है। इस किट को इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च ने मंजूरी दी है। एकदम स्वदेशी तकनीक से इस किट को सिर्फ छह हफ्ते में तैयार किया गया है। एक किट सौ मरीजों की जांच कर सकता है।अब तक देश भर में कोरोना के 504 कंफर्म केस सामने आ चुके हैं। इसमें से 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 44 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकारों ने लॉकडाउन का ऐलान किया है। देश के 30 से अधिक राज्यों के 548 जिले पूरी तरह से लॉकडाउन है। हालांकि, पंजाब और महाराष्ट्र ने लॉकडाउन के बाद कर्फ्यू लगाने का फैसला ले लिया है। ये फैसला तब लिया गया जब लॉकडाउन को लेकर लोगों में गंभीरता नहीं दिखी, जहां लॉकडाउन के दौरान जरूरी चीज खरीदने की छूट होती हैं, वहीं कर्फ्यू में आम लोगों को पूरी तरह बंद का सामना करना पड़ता है। बता दें की जानलेवा कोरोना वायरस देश के दो दर्जन से अधिक प्रदेशों में पाव पसार चुका है। इसकी रोकथाम के लिए देश के कई जिलों में लॉकडाउन करना पड रहा है।
सुदामा नर-वरे/24मार्च2020